गरीब बच्चों के लिए निशुल्क कंप्यूटर शिक्षा की पहल, राजापुर में अकादमी का शुभारंभ
राजापुर, चित्रकूट। तुलसी धाम राजापुर स्थित कंचन चिकित्सालय के बेसमेंट में फ्रीडम एम्प्लॉयबिलिटी अकादमी द्वारा निशुल्क कंप्यूटर शिक्षा केंद्र का शुभारंभ किया गया। उद्घाटन नायब तहसीलदार सरधुवा अमित सिंह ने फीता काटकर किया।
क्षेत्रीय प्रबंधक अभिषेक अग्रहरी ने बताया कि आर्थिक रूप से कमजोर परिवारों के युवाओं को कंप्यूटर, एआई व इंटरनेट का सही उपयोग, ई-मेल, ऑनलाइन नौकरी आवेदन, अंग्रेजी, पर्सनालिटी डेवलपमेंट, रोजगार एवं स्वरोजगार सहित करियर मार्गदर्शन की निशुल्क शिक्षा दी जाएगी। 18 वर्ष की आयु पूर्ण कर चुके छात्र-छात्राएं प्रवेश के लिए आवेदन कर सकते हैं। मुख्य अतिथि अमित सिंह ने कहा कि डिजिटल युग में कंप्यूटर और अंग्रेजी का ज्ञान युवाओं के लिए बेहद जरूरी है। ऐसी पहल ग्रामीण क्षेत्र के युवाओं को रोजगार के बेहतर अवसर उपलब्ध कराने में सहायक होगी। कार्यक्रम में अतिथियों का श्रीफल व अंगवस्त्र देकर सम्मान किया गया। इस दौरान निशांत सिंह, शिवपूजन गुप्ता, सतीश चंद्र मिश्रा, राजकुमार मिश्रा, अशोक सोनकर, अन्नू मिश्रा, रवि त्रिपाठी सहित छात्र-छात्राएं एवं अभिभावक मौजूद रहे।

No comments